दरौली: सरयू नदी के जलस्तर कम होने के बाद सूखने लगी फसल
सरयू नदी के जलस्तर में सातवे दिन भी कमी आई है, लेकिन इससे कृषि को भारी नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि बाढ़ से धान, मक्का और अन्य फसलों को नुकसान पहुँचा है। जलस्तर घटने से बाढ़ का खतरा कम होगा, लेकिन जल जमाव से खेती प्रभावित हो रही है।

गुठनी, एक संवाददाता। सरयू नदी के जलस्तर में सातवें दिन भी लगातार कमी दर्ज की गई। जल संसाधन विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार सरयू नदी का जलस्तर तेजी से घट रहा है। जिससे निचले इलाकों में लगे पानी भी धीरे-धीरे कम हो रहा है। हालांकि जल जमाव से कई जगहों पर खेती पर भी ग्रहण लग गया है। जबकि बाढ़ के पानी से धान, अरहर, मक्का, ईख मूंगफली और हरी सब्जियों को भी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि लगातार बढ़ते जलस्तर से खेती पर ज्यादा असर पड़ा है। वही सरयू नदी द्वारा लगातार कटाव से भी कृषि योग्य भूमि को भारी नुकसान पहुंचा है। विभाग के जेई शुभम सिंह ने बताया कि वर्तमान में सरयू नदी का जलस्तर 60.61 है। जबकि इसका वार्निंग लेवल 59.82 है। और सरयू नदी का डेंजर लेवल 60.82 है। उनका कहना था कि जलस्तर कम होने से आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा कम हो जाएगा। वहीं विभाग द्वारा नदी से सटे इलाकों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
खरीफ खेती के लिए मुसीबत बना बाढ़ का पानी
गुठनी और दरौली में जहां सरयू नदी के जलस्तर में कमी आ रही है। वहीं जलस्तर घटने के बाद नदी का पानी निचले इलाकों में पानी तेजी से निकल रहा है। जिसमें कृषि योग्य भूमि पूरी तरह बाढ़ की पानी में घिर गई थी। किसानों के सामने समस्या इस बात की है कि अगर धान की बुवाई होने के बाद पूरी फसल सड़ गल गई है। वहीं मक्का, मूंगफली, अरहर की खेती भी पूरी तरह बर्बाद हो रही है।
दरौली और गुठनी की धान की खेती
धान की खेती के लिए मशहूर है दरौली और गुठनी का क्षेत्र दरौली और गुठनी प्रखंड मुख्यालय के करीब 16 से अधिक गांव धान की खेती के लिए मशहूर है। इन गांवो में करीब 456 एकड़ भूमि में धान की खेती की जाती है। लेकिन सरयू नदी के अचानक जलस्तर ने निचले इलाकों में जलजमाव जैसी स्थिति पैदा कर दिया था। किसानों की माने तो अचानक बढ़े जलस्तर से निचले इलाकों में पानी घुस गया। जो काफी दिनों तक रह सकता है। इसमें धान की बुवाई संभव नहीं है। इससे किसानों के सामने एक विकट समस्या उत्पन्न हो गई है। किसानों के सामने जल जमाव से भुखमरी की स्थिति भी उत्पन्न हो गई है।


