RRB Group D Exam : रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा में पर्ची निगल गया अभ्यर्थी
प्रयागराज के हनुमानगंज में सरायइनायत थाना क्षेत्र के अंदावा स्थित एक परीक्षा केंद्र पर रेलवे भर्ती परीक्षा के दौरान तलाशी में पकड़े जाने पर एक अभ्यर्थी ने सबूत मिटाने के इरादे से संदिग्ध पर्ची निगल ली।

यूपी में प्रयागराज के हनुमानगंज में सरायइनायत थाना क्षेत्र के अंदावा स्थित एक परीक्षा केंद्र पर रेलवे भर्ती परीक्षा के दौरान तलाशी में पकड़े जाने पर एक अभ्यर्थी ने सबूत मिटाने के इरादे से संदिग्ध पर्ची निगल ली। वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर लिया है। अंदावा स्थित सुनीता सिंह सीता सिंह महिला महाविद्यालय परिसर के आई-टेक ज़ोन परीक्षा केंद्र पर 25 अगस्त को आरआरबी लेवल-1 परीक्षा ( ग्रुप डी ) की तृतीय पाली आयोजित थी। निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली जा रही थी।
अभ्यर्थी अंकित सिंह पुत्र राधेश्याम सिंह, निवासी चिरला मुजफ्फा, बमरौली जैसे ही केंद्र में प्रवेश करने लगा, सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कागज की एक छोटी संदिग्ध पर्ची बरामद हुई। सुरक्षाकर्मी जब उससे पूछताछ करने लगे, तभी उसने अचानक सुरक्षाकर्मी के हाथ से पर्ची छीनकर मुंह में डाल ली और निगल गया। हालांकि, छीना-झपटी के दौरान पर्ची का एक छोटा सा टुकड़ा सुरक्षाकर्मियों के हाथ लग गया, जिस पर कुछ अंक दर्ज हैं।
वीसीओ आनंद कुमार भारतीय ने वीएडीएम (टीसीएस) सुनील कुमार तिवारी तथा सुरक्षा गार्ड गणेश कुमार व रोशन लाल को गवाह बनाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी अभ्यर्थी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया है।
रेलवे में 22000 ग्रुप डी पदों पर भर्ती के लिए हो रही परीक्षा
आपको बता दें कि रेलवे में ग्रुप डी के 22195 पदों पर भर्ती के लिए सीबीटी बेस्ड परीक्षाएं 3 अगस्त से शुरू हुई थीं। उम्मीदवारों का चयन सिंगल स्टेज कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के आधार पर किया जाएगा। सीबीटी में सफल उम्मीदवारों को पीईटी में बुलाया जाएगा। सीबीटी सिर्फ एक चरण में होगा। पीईटी के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल होगा।
सीबीटी में सभी वर्गों का न्यूनतम पासिंग प्रतिशत
यूआर-40 फीसदी, ईडब्ल्यूएस-40 फीसदी, ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर)-30 फीसदी, एससी-30 फीसदी, एसटी-30 फीसदी।
नॉर्मलाइजेशन होगा
सीबीटी में मार्क्स नॉर्मलाइजेशन की पद्धति अपनाई जाएगी। कुल वैकेंसी के तीन गुना उम्मीदवारों को पीईटी के लिए बुलाया जाएगा।


