UPTET : 5 सगे भाइयों ने एक साथ पास की यूपी टीईटी परीक्षा, देखें किसके कितने मार्क्स
यूपी टीईटी 2026 के परिणाम में एक ही परिवार के पांच सगे भाइयों ने एक साथ उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा उत्तीर्ण कर हलिया क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

यूपी में मिर्जापुर के हलिया क्षेत्र के देवघटा पाण्डेय, बेमौरी गांव निवासी रामसागर पांडेय के तीन पुत्र महेंद्र, जितेंद्र, रोहित और रामसागर के सगे भाई मनीष पांडेय के दो पुत्रों संदीप और राजेश ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी)-2026 में एक साथ सफलता का परचम लहरा कर इतिहास रच दिया है। बुधवार को यूपी टीईटी का परिणाम जारी होने के बाद से परिवार में जश्न का माहौल है। पांचों भाइयों ने आर्थिकरूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के तहत टीईटी परीक्षा के तहत आवेदन किया था। पांच भाइयों की एक साथ सफलता हासिल कर क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है।
पांचों भाइयों ने उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा उत्तीर्ण की है। सफलता की खबर मिलते ही परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। पांचों भाइयों के जारी परिणाम के अंक में रोहित कुमार पाण्डेय सर्वाधिक 120.99, जितेंद्र पाण्डेय 113.89, महेंद्र कुमार पांडेय ने 106.69, संदीप कुमार पाण्डेय ने 97.94 और राजेश कुमार पाण्डेय ने 92.43 अंकों के साथ सफल रहे हैं। सामान्य परिवार के पांच भाइयों की सफलता जहां एक ओर से मिसाल है, वहीं दूसरी ओर प्रेरणादायी भी है। एक ही परिवार के पांच प्रतिभावनों की सफलता की हर कोई तारीफ करते थक नहीं रहा। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने घर पहुंचकर सफल अभ्यर्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
परिवार के राकेश कुमार पांडेय का कुछ दिन पहले यूपी टीजीटी में चयन हुआ था। परिवार की लगातार सफलताओं से गांव के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।


